उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रमों की भव्य शुरुआत

खबर शेयर करें

15 अगस्त तक चलेंगे देशभक्ति से जुड़े विविध आयोजन, सामूहिक गायन से हुआ शुभारम्भ

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) में भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे विश्वविद्यालय परिवार द्वारा ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुई। इस अवसर पर पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में प्रो. रेनू प्रकाश ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह गीत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और आज भी राष्ट्रप्रेम तथा मातृभूमि के प्रति समर्पण का सशक्त प्रतीक है।

इस अवसर पर निदेशक अकादमिक प्रो. पी. डी. पंत ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय मूल्यों की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें -   अमर शहीद मनदीप सिंह रावत को भावभीनी श्रद्धांजलि, विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि वन्दे मातरम् केवल एक राष्ट्रीय गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, आत्मगौरव, त्याग और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से राष्ट्रहित और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 150 से अधिक शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें -   आपदा से पहले तैयारी पर जोर: भीमताल में मंत्री मदन कौशिक ने किया राज्यव्यापी आपदा जोखिम न्यूनीकरण अभियान का शुभारंभ

कार्यक्रम के उपरांत योग विभाग की ओर से वन्दे मातरम् विषय पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 68 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गीत के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी भूमिका तथा राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 7 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक चलने वाली इस विशेष श्रृंखला के तहत सामान्य ज्ञान, क्विज, निबंध, चित्रकला, गायन एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं सहित अनेक शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जागरूकता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी निदेशक, प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी, डॉ. भानू जोशी, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. नीता देबोलिया, दीक्षा बिष्ट, डॉ. गोपाल सिंह गौनिया, डॉ. नमिता वर्मा, डॉ. किशोर कुमार, श्रीमती शैलजा सहित विश्वविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440