समाचार सच, हल्द्वानी। 38वें राष्ट्रीय खेल के आयोजन से हल्द्वानी शहर उत्साह और उमंग के माहौल में डूब गया है। शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर दिनभर खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जहां खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं लोक संस्कृति के रंगों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
खेलराह कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन
हल्द्वानी मिनी स्टेडियम के बाहर नैनीताल रोड पर शुक्रवार सुबह खेलराह कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तरांचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी ने किया। सुबह 6.30 बजे से 10 बजे तक नैनीताल रोड पर स्केटिंग, साइकिलिंग, ताइक्वांडो जैसे खेलों के प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही जुम्बा में संगीत की धुनों पर खिलाड़ी और अधिकारी झूमते नजर आए।
बच्चों ने दिखाया हुनर
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पेटिंग, योग, कैरम, शतरंज, लूडो और क्राफ्ट आर्ट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल मैदान पर बच्चों के जोश और उत्साह ने सभी का ध्यान खींचा।
लोकगीतों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत हिमनाद ग्रुप के लोकप्रिय गीत ष्दैणा होया खोली का गणेशाष् से हुई। इसके बाद हिंदी और कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को लोकरंग से भर दिया। 38वें राष्ट्रीय खेल के एंथम के साथ ही लोकगीतों की धुन पर खिलाड़ियों और अधिकारियों ने भी जमकर आनंद लिया।
उल्लेखनीय उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रभारी उप निदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, पूर्व सहायक निदेशक खेल सुरेश पांडे, पूर्व बॉक्सिंग रेफरी देवेंद्र भट्ट, ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष शेखर त्रिपाठी, उत्तराखंड वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भगवान कार्की सहित कई अन्य गणमान्य लोग और अधिकारी उपस्थित रहे।
खेल और संस्कृति का संगम
हल्द्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेल के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने खेल और संस्कृति के अनूठे संगम को दर्शाया। दर्शकों और खिलाड़ियों के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि हल्द्वानी राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440