समाचार सच, हल्द्वानी। श्री आनंद आश्रम द्वारा संचालित बाबा नीब करौरी वृद्धाश्रम में बाबा नीब करौरी महाराज का जन्मोत्सव के धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।
रविवार सुबह सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ हुआ, जिसमें हनुमान चालीसा और भजन गायन ने कार्यक्रम को खास बना दिया। आश्रम के वृद्धजनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। भक्ति गीतों के मधुर स्वर और भजनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
विशेष झांकी और प्रसाद वितरण
कार्यक्रम के दौरान बाबा नीम करौली महाराज की विशेष झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही। पाठ संपन्न होने के बाद सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।
संस्था की सराहनीय पहल
श्री आनंद आश्रम की ओर से यह आयोजन वृद्धजनों के जीवन में खुशियां और भक्ति का संचार करने के उद्देश्य से किया गया। आश्रम के संचालिका कनक चंद ने कहा, बाबा नीम करौली महाराज ने सेवा और भक्ति का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। यह आयोजन उनके प्रति हमारी श्रद्धा और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
श्रद्धालुओं की भागीदारी
आयोजन में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र से भी श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने बाबा के नाम का जयकारा लगाते हुए उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
आश्रम के वृद्धजनों के चेहरे पर दिखी खुशी
आयोजन के दौरान वृद्धाश्रम के बुर्जगों के चेहरे पर एक अलग ही खुशी नजर आई। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रम उनके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा लाते हैं और उन्हें समाज का हिस्सा होने का एहसास कराते हैं।
कार्यक्रम का समापन भक्तों के सामूहिक भजन गान और बाबा के प्रति प्रार्थना के साथ हुआ। आयोजन ने स्थानीय समाज में भक्ति और सेवा का संदेश फैलाया। आश्रम की संचालिका कनक चंद ने सुंदरकाण्ड पाठ व प्रसाद (भोज) की व्यवस्था के लिए व्यवसाई शुभम भट्ट का आभार व्यक्त किया।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440