बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर पहाड़ से टकराकर क्रैश, पायलट समेत 6 की मौत; सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की जान चली गई। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने वाला हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी छह सवारों की मौत हो गई। मृतकों में पांच यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे, जबकि पायलट दिल्ली निवासी था। घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर वीटी-एचसीएक्स बदरीनाथ धाम से दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान जोशीमठ घाटी के ऊपर हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया और दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के पांडुकेश्वर स्थित चाई गांव के ऊपर पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर का मलबा मिला। दुर्घटनास्थल पर मलबा बिखरा हुआ था और मृतकों के शव जली हुई अवस्था में पाए गए। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर शवों को निकालने की कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें -   धनतेरस पर बन रहा धन वर्षा का विशेष संयोग, खरीदारी से लेकर यम दीपदान तक जानिए शुभ मुहूर्त

हादसे में इन छह लोगों की गई जान हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार बताई गई है। कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष) कृ निवासी दिल्ली, पायलट। प्रताप (41 वर्ष) निवासी कर्नाटक। अरुण सालुंके (44 वर्ष) निवासी कर्नाटक, सीसीबी इंस्पेक्टर। वीबी शंकर गौड़ा (39 वर्ष) निवासी कर्नाटक। सुधीर के. (50 वर्ष) निवासी कर्नाटक।एचएस नटराजा (51 वर्ष) निवासी कर्नाटक। इस हादसे ने एक बार फिर उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें -   आज का पंचांग एवं राशिफल : 6 नवंबर 2026, शुक्रवार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस दुखद घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चमोली जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यक राहत एवं अन्य व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा है।

हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच महत्वपूर्ण होगी, ताकि दुर्घटना की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440