कैंची धाम जाने से पहले पढ़ लें ये खबर!

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। नैनीताल जिले में वीकेंड और अवकाश के दौरान कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 31 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के साथ ही पहाड़ी मार्गों पर जाने वाले बसों और चौपहिया वाहनों के रूट भी निर्धारित किए गए हैं। वहीं, कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने के बाद शटल सेवा का इस्तेमाल करना होगा।

वीकेंड यातायात प्लान के तहत सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन
इन क्षेत्रों से हल्द्वानी समेत मैदानी इलाकों की ओर आने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें -   हरिद्वार अर्धकुंभ के लिए केंद्र का बड़ा तोहफा, 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त अनाज मंजूर; धामी ने जताया आभार

हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ जाने वाले वाहन

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा।
काठगोदाम से रानीखेत जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

कैंची धाम जाने वाले कहां पार्क करें अपना वाहन?
वीकेंड के दौरान कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अलग-अलग पार्किंग एवं शटल व्यवस्था निर्धारित की गई है।

भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटक: निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़ा करना होगा। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे।

ज्योलिकोट-गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटक: इस मार्ग से आने वाले निजी वाहन भवाली स्थित सैनेटोरियम पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालु और पर्यटक स्थानीय शटल सेवा से कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में रोडवेज बसों पर हड़ताल का साया, कर्मचारियों के आंदोलन से यात्रियों की बढ़ सकती है मुसीबत!

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सियों, दोपहिया वाहनों और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में कैंची धाम जाने की योजना बना रहे लोगों को यात्रा से पहले निर्धारित पार्किंग और यातायात नियमों की जानकारी लेना जरूरी होगा।

खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ता भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी एवं बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

वीकेंड पर संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने आमजन, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन करने से अनावश्यक जाम से बचा जा सकेगा और यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

अगर आप 31 अक्टूबर या 1 नवंबर को कैंची धाम, भवाली, भीमताल या आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले रूट प्लान जरूर देख लें, ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440