
समाचार सच, हल्द्वानी। कुमाऊं आईजी डॉ0 नीलेश आनंद भरणें ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पुलिस को जनता के नजदीक जाने के लिए मीठी बात करनी होगी। जनता के पास कितनी भी बड़ी या छोटी समस्या क्यों ना हो, वह पुलिस के पास ही पहुंचेगी। इसलिए जनता के प्रति अच्छा व्यवहार रखने पर ही शहर में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसी जा सकती है। जनता के सहयोग के बिना काम पूर्ण करने में सक्षम नहीं है। सोमवार को यहां कोतवाली परिसर स्थित बहुद्देशीय सभागार में सैनिक सम्मेलन को सम्बोंधित कर रहे थे।
पुलिस अपने को जनता का मालिक न समझकर जनता का सेवक समझ कर करें कार्य: आईजी
आईजी डॉ0 नीलेश आनंद भरणें का जनता व पुलिस के सम्बन्ध पर बोलते हुए कहा कि पुलिस अपने को जनता का मालिक न समझकर जनता का सेवक समझ कर कार्य करें। उनका कहना था कि अधिकतर पुलिस के पास लोग अपने दुखो को लेकर आते है, इसलिए उनके साथ सहानुभूति पूर्वक व्यवहार करना चाहिए। उनका कहना था कि जनता के सीधा सम्पर्क में रहने वाले सहयोग के बिना पुलिस को अपने मकसद की प्राप्ति नहीं हो सकती। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं बच्चों के साथ पुलिस का व्यवहार अच्छा होना चाहिए। चाहे वह महिला शिकायतकर्ता या अपराधी ही क्यों न हो। महिलाओं के प्रति अपशब्दों का प्रयोग नहीं करना।

आईजी ने पुलिस और जनता के बीच मधुर संबंध स्थापित करने को समय की जरूरत बताया
आईजी डॉ0 नीलेश आनन्द भरणें ने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ अपराध के खिलाफ कदम नहीं उठाना है, बल्कि जनता को न्याय भी दिलाना है। लोगों के साथ दोस्ताना संबंध स्थापित कर ही उनका विश्वास जीता जा सकता है। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच मधुर संबंध स्थापित करने को समय की जरूरत बताया। उनका कहना था कि अपराध मुक्त समाज की स्थापना तभी हो सकती है जब पुलिस एवं आम जनता के बीच का संबंध मधुर हो। पुलिस को किसी भी समय अपराध से संबंधित सूचना देने पर कार्रवाई किये जाने की बात कही गयी। उन्होंने कहा कि समाज पुलिस के काम का मूल्यांकन करती है। पुलिस को अच्छे कार्यों के लिए सम्मानित किया जाना सभ्य समाज की निशानी है। पुलिस संस्था है। यह समाज का ही अंग है। व्यक्ति गलत हो सकता है संस्था नहीं।
आईजी डॉ0 भरणें ने दी जवानों में आत्मविश्वास और समस्याओं और तनाव का सामना करने और मजबूत इरादे की सीख
सम्मेलन के दौरान कुमाऊं आईजी डॉ0 नीलेश आनंद भरणें ने पुलिस जवानों में आत्मविश्वास और समस्याओं और तनाव का सामना करने और मजबूत इरादे की सीख दी। उनका कहना था कि मानसिक तनाव आम बात है। हर व्यक्ति तनाव से ग्रसित है। इसे समाप्त करने के लिए अपने अंदर सकारात्मक विचार लाने बहुत जरूरी है। नकारात्मक विचारों को लंबे समय तक नहीं रखना चाहिए।
जनता की बढ़ती अपेक्षाओं के कारण पुलिस व जनता के बीच अविश्वास बढ़ा: एसएसपी पंकज भट्ट
नैनीताल एसएसपी पंकज भट्ट ने कहा कि जिले की कानून व्यवस्था बेहतर है। इसे नागरिकों के सहयोग से और मजबूत किया जा सकता है। उनका कहना था कि जनता की बढ़ती अपेक्षाओं के कारण पुलिस व जनता के बीच अविश्वास बढ़ा है। इसे दूर करने के लिए पुलिस को वर्दी से बाहर नागरिक के रूप में सामने आना होगा। वहीं जनता को यह समझना होगा कि हर व्यक्ति बिना वर्दी के जिम्मेदार नागरिक के रूप में पुलिस है। तभी आपसी तालमेल से समाज, शहर, प्रदेश व देश तरक्की कर सकेगा।

मन का ध्यान रखना बहुत जरूरी: साइक्लोजिस्ट डॉ0 युवराज पंत
एसटीएच के वरिष्ठ क्लीनिकल साइक्लोजिस्ट डॉ0 युवराज पन्त ने खानपान व जीवन शैली का विशेष ध्यान रखते हुए मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के संबंध में अपने अपने विचार व्यक्त किए गए। उन्होंने कहा कि योगा व मेडिटेशन के द्वारा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त बनाए रखा जा सकता है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन योग, व्यायाम, मेडिटेशन व एक्सरसाइज करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि तनाव के कारण अवसाद, बेचौनी, पागलपन, हाई ब्लड प्रेसर, पेट की बीमारी व सिरदर्द होने लगता है। जब भी तनाव में हो तो योगा, मेडिटेशन, दौड़, डांस, गाना आदि जो भी पसंद हो करना शुरू कर दें। इससे ध्यान भटक जाएगा और तनाव कम होगा। अपने स्वजनों, मित्रों अथवा नजदीकियों से बातें शेयर करें। समय प्रबंधन पर ध्यान दें। मन का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।

निर्वाण उन्मूलन केन्द्र की टीम ने नाटक प्रस्तुति देकर दिखाए नशे के दुष्परिणाम
सैनिक सम्मेलन के दौरान निर्वाण नशा उन्मूलन केन्द्र की प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्रीमती रश्मि पन्त ने तनाव कम करने के तरीके बताए और केन्द्र की टीम द्वारा नशे के प्रति जागरूक करने के लिये नाटक की प्रस्तुति दी, जिसमें कलाकारों ने नाटक के माध्यम से बताया कि एक नशेड़ी की नशे की लत से सिर्फ नशेड़ी प्रभावित नहीं होता बल्कि उसका परिवार भी उस नशे की आग में बुरी तरह जलता है। इस दौरान सैनिक सम्मेलन में नशे से दूर रहने और इसके लिए लोगों को जागरूक करने को शपथ दिलाई गई। इस मौके पर कुमाऊं आईजी ने डॉ0 युवराज पन्त और केन्द्र की प्रोजेक्ट डायरेक्अर रश्मि पन्त को आभार पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

सैनिक सम्मेलन में उपस्थित एवं संचालन:
कार्यक्रम का सफल संचालन नैनीताल एसपी क्राइम/यातायात डॉ0 जगदीश चन्द्रा ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से एसपी सिटी हरबंश सिंह, हल्द्वानी सीओ भूपेन्द्र धोनी, लालकुआं सीओ संगीता, कोतवाल हरेन्द्र चौधरी, मुखानी थाना प्रभारी रमेश बोरा, बनभूलपुरा नीरज भाकुनी, बीपीएल शिक्षा प्रयास समिति संचालिका पार्वती किरौला, एडवोकेट जीएस किरौला, डॉ0 नीरज वार्ष्णेय, पत्रकार गिरीश गोस्वामी, समाजसेवी प्रियंका गोस्वामी, भारती पंत, सम्पादक अजय चौहान, सह सम्पादक सुश्री नीरू भल्ला, सहयोगी सम्पादक सुशील शर्मा, इवेंट मेनेजर मिथुन जायसवाल, दीवान सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी सहित जवान मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



