रुद्रपुर में खड़गे ने कांग्रेस नेताओं को दिया चुनावी मंत्र, मतभेद भुलाकर 2027 के लिए एकजुट होने का आह्वान

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुद्रपुर। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान।
हल्द्वानी में विजय शंखनाद रैली के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का फोकस सीधे संगठन और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर रहा। हल्द्वानी से रुद्रपुर पहुंचे खड़गे ने पार्टी के विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक कर संगठन की स्थिति, चुनावी रणनीति और जमीनी सक्रियता को लेकर मंथन किया।

बैठक में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे नेताओं ने अपने क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति और संगठन से जुड़े सुझाव राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखे। पार्टी नेताओं के मुताबिक, आगामी चुनाव में कांग्रेस को किन मुद्दों के साथ जनता के बीच जाना चाहिए और संगठन को बूथ स्तर तक किस तरह मजबूत किया जाए, इस पर भी चर्चा हुई।

मतभेद भुलाकर चुनाव मैदान में उतरने का संदेश
बैठक में खड़गे ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने नेताओं को छोटी-मोटी बातों से निराश न होने और लगातार जनता के बीच सक्रिय रहने की सलाह दी।

यह भी पढ़ें -   एसपी कार्यालय विवाद पर गरमाई हल्द्वानी की सियासत, भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ फूंका पुतला, नेताओं ने कहा- पुलिस के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन की मजबूती को चुनावी सफलता की बुनियाद बताते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को चुनावी अभियान से जोड़ने और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया।

युवाओं और Gen Z पर कांग्रेस का फोकस
बैठक में नई युवा पीढ़ी यानी Gen Z से जुड़े मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे। कांग्रेस नेताओं ने युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।

उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं और Gen Z के मुद्दों को मजबूती से उठाया है और कांग्रेस आगे भी इन सवालों को जनता के बीच ले जाएगी।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने कहा कि युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों को पार्टी लगातार उठाती रहेगी।

यह भी पढ़ें -   जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी

चुनाव से पहले संगठन को धार देने की कवायद
खड़गे का रुद्रपुर दौरा कांग्रेस की ओर से कुमाऊं में संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। हल्द्वानी की बड़ी जनसभा में राजनीतिक संदेश देने के बाद रुद्रपुर में संगठनात्मक बैठक कर पार्टी ने यह संकेत दिया कि अब सिर्फ बड़े मंचों पर भाषण ही नहीं, बल्कि संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर तक सक्रिय करने पर भी जोर रहेगा।

रुद्रपुर में रात्रि विश्राम के बाद प्रदेशभर के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आगे की रणनीति पर दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।

हल्द्वानी की रैली और रुद्रपुर की संगठनात्मक बैठक को जोड़कर देखें तो कांग्रेस ने उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अपना केंद्रीय नेतृत्व सक्रिय कर दिया है। अब पार्टी की चुनौती इस राजनीतिक ऊर्जा को जमीनी संगठन और चुनावी परिणाम में बदलने की होगी।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440