समाचार सच, हल्द्वानी। सरकार द्वारा की गयी घोषणा में 18 से 45 आयु वर्ग के व्यक्तियों की वैक्सीनेशन की उचित व्यवस्था ना होने पर नेता प्रतिपक्ष डॉ0 इन्दिरा हृदयेश ने नाराजगी व्यक्त की है। गुरूवार को नेता प्रतिपक्ष ने इस सम्बन्ध में एक पत्र मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को प्रेषित कर वैक्सीनेशन की उचित व्यवस्था कर प्रत्येक लोगों का टीकाकरण किये जाने की मांग की है।
पत्र में नेता प्रतिपक्ष श्रीमती हृदयेश कहा कि सरकार द्वारा 18 से 45 आयु वर्ग के व्यक्तियों हेतु वैक्सीनेशन की घोषणा तो की गई परन्तु वैक्सीनेशन की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। उन्हें सूचना मिली है कि सेन्टरों में वैक्सीन उपलब्ध ना होने पर वैक्सीनेशन का कार्य सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है। पत्र में उनका कहना है कि सरकार की नैतिक जिम्मेदारी होनी चाहिए कि प्रत्येक नागरिक का वैक्सीनेशन कराया जाय ताकि इस जानलेवा महामारी से निजात पायी जा सके।
पत्र में उन्होंने प्रदेश में वैक्सीनेशन की समुचित व्यवस्था किये जाने तथा अन्य आवश्यक औषधियां व इंजेक्शन उपलब्ध कराने के मामले मंे पूर्ण रूप से विफल साबित होना बताया है। उनका कहना है कि आज वैक्सीनेशन की स्थिति यह है कि सरकार वैक्सीन की प्रथम डोज के बाद दूसरी डोज लगाने के बीच के समय के सही मानक भी तय नहीं कर पा रही है, पहले वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का समय 4 हफ्ते बाद निर्धारित किया गया था परन्तु वर्तमान में उसे बढ़ाकर 12 से 16 हफ्ते कर दिया गया है। जिस कारण भ्रम और अव्यवस्था के इस माहौल में जनता अपने को डरा हुआ एवं एवं असुरक्षित महसूस कर रही है। अगर सरकार अपने प्रदेश और देश की जनता की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का उचित ध्यान नहीं रख सकती है तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से मांग की है कि कोरोना जैसी महामारी की बीमारी का उपचार हर नागारिक को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाना चाहिए, यदि यह संभव नहीं है तो सरकार अपने देश एवं प्रदेश के हर नागरिक का स्वास्थ्य बीमा करवाये।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















