समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी नैनीताल और कोतवाली हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 216 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री के ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को संयुक्त टीम ने हल्द्वानी की बड़ी मंडी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी गेट के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 216 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 392/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30 वर्ष) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था। पुलिस अब उस व्यक्ति के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है, जिसने आरोपी को स्मैक लाने के लिए कहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस के एक मामले में पहले भी जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी मंडी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी टीपी नगर उपनिरीक्षक मनोज कुमार सहित एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू ओली शामिल रहे।
नशा तस्करी के खिलाफ इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी टीम को 2,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



