समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की घोषणा की। इसके तहत वरिष्ठ नेता और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।
राम माधव के साथ सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा नेता अरविंद मेनन को उत्तराखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले दुष्यंत गौतम प्रदेश प्रभारी और रेखा वर्मा सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। नई नियुक्तियों के बाद उत्तराखंड भाजपा में प्रभारी स्तर पर पूरी टीम बदल गई है।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 में प्रस्तावित हैं। ऐसे में भाजपा के संगठनात्मक फेरबदल को चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। नई टीम के सामने प्रदेश संगठन को चुनावी तैयारियों के अनुरूप सक्रिय करने, संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी और केंद्रीय नेतृत्व के साथ समन्वय की जिम्मेदारी होगी।
राम माधव को उत्तराखंड के साथ तमिलनाडु का भी प्रभारी बनाया गया है। वहीं अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी के तौर पर उत्तराखंड में संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभालेंगे।
राम माधव भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे समय तक जुड़े रहे और बाद में भाजपा में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वर्ष 2014 में उन्हें भाजपा में राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली थी। इस दौरान जम्मू-कश्मीर और पूर्वाेत्तर राज्यों से जुड़े संगठनात्मक कार्यों में भी उनकी भूमिका रही।
हाल ही में भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। अब उन्हें उत्तराखंड जैसे चुनावी राज्य का प्रभारी बनाए जाने से संगठन में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।
नई व्यवस्था में लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा नेता अरविंद मेनन को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों नेता राम माधव के साथ उत्तराखंड संगठन की गतिविधियों में भूमिका निभाएंगे।
भाजपा ने एक साथ 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं। उत्तराखंड भी उन राज्यों में शामिल है जहां 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
नई टीम के सामने अब प्रदेश संगठन की तैयारियों को आगे बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की सांगठनिक गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी होगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



