मॉर्निंग वॉक बनी आखिरी सैर! तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से MDDA के AE की मौत, परिवार में मचा कोहराम

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। देहरादून में सुबह की सैर पर निकले एक सरकारी अधिकारी के लिए बुधवार की सुबह जिंदगी की आखिरी सुबह साबित हुई। विधानसभा रोड पर तेज रफ्तार बाइक ने मॉर्निंग वॉक कर रहे मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के सहायक अभियंता (AE सिविल) राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह दर्दनाक हादसा थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिकारी को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी के मुताबिक राजीव नगर निवासी राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा एमडीडीए में एई सिविल के पद पर तैनात थे। वह प्रतिदिन की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए विधानसभा रोड गए थे। बताया जा रहा है कि वह सड़क पर पैदल चल रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेंद्र प्रसाद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में गूंजा महिला वुशु का दमखम, खेलो इंडिया लीग में बेटियों ने दिखाया शानदार जज्बा

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक सवार युवक को मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी मनोज नौटियाल के मुताबिक हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई थी। शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है।

यह भी पढ़ें -   2027 से पहले उत्तराखंड भाजपा का बड़ा संगठनात्मक दांव, 178 नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति में मिली जगह

पुलिस के अनुसार फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। बाइक सवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब हादसे के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। बाइक की रफ्तार, सड़क की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक सरकारी अधिकारी की इस तरह सड़क हादसे में हुई मौत ने शहर में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440