समाचार सच, नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा के दौरान बुधवार को सरोवर नगरी पूरी तरह भक्तिमय नजर आई। मंदिर परिसर से निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। चारों ओर मां के जयकारे, शंखनाद, घंटे-घड़ियाल और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देती रही। छोलिया दलों की प्रस्तुतियों, बैंड की धुनों और अखाड़ा दलों के आकर्षक करतबों ने शोभायात्रा का माहौल और भी भव्य बना दिया।
सुबह धूप खिलने के बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। कुछ देर बाद शहर में कोहरा भी नजर आया, लेकिन मौसम श्रद्धालुओं की आस्था के आगे बाधा नहीं बन सका। जैसे-जैसे शोभायात्रा आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई।
124वें नंदा देवी महोत्सव के तहत सुबह करीब छह बजे देवी पूजन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। पंडित भगवती प्रसाद जोशी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद देवीभोग का आयोजन हुआ और दोपहर बाद मंदिर परिसर से मां नंदा-सुनंदा की शोभायात्रा रवाना हुई।
शोभायात्रा ने नयना देवी मंदिर की परिक्रमा के बाद चाट पार्क, मस्जिद तिराहा, शारदा संघ, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड और मॉलरोड होते हुए तल्लीताल डांठ की ओर रुख किया। इसके बाद तल्लीताल बाजार, धर्मशाला, नया बाजार और मॉलरोड से होते हुए शोभायात्रा मल्लीताल बाजार पहुंची।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु लगातार मां नंदा-सुनंदा के जयकारे लगाते रहे। महिलाएं भजन-कीर्तन करते हुए चल रही थीं। शाम को राम सेवक सभा भवन और बाजार क्षेत्र से होते हुए शोभायात्रा ठंडी सड़क पहुंचेगी, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं का नैनीझील में विसर्जन किया जाएगा।
मां की विदाई के इस भावुक क्षण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें नम नजर आएंगी और मां नंदा-सुनंदा से अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की जाएगी।
शोभायात्रा में सभा अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, मुकेश जोशी मंटू, कमलेश ढौंढियाल, विमल चौधरी, विमल साह, राजेंद्र लाल साह, देवेंद्र लाल साह, मुकुल जोशी, गोधन सिंह और राजेंद्र सिंह बिष्ट सहित आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शोभायात्रा में शामिल हुए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



