अब काठगोदाम डाक बंगले से चलेगा जिला पंचायत कार्यालय! 14 करोड़ का बजट पास, कई बड़े फैसले

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। जिला पंचायत नैनीताल की बोर्ड बैठक शुक्रवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पारित बजट में राज्य वित्त मद के अंतर्गत विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग 11 करोड़ रुपये, जबकि अन्य मदों के लिए करीब 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकासात्मक प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इनमें काठगोदाम डाक बंगले में जिला पंचायत कार्यालय स्थापित करना, भीमताल डाक बंगले का व्यावसायिक उपयोग, तथा जिला पंचायत की दुकानों के किराए में 25 प्रतिशत वृद्धि प्रमुख रहे। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित की जा रही नई चौपाटियों के लिए लाइसेंस शुल्क निर्धारित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

यह भी पढ़ें -   टेंट की दुकान पहुंचने से पहले ही उजड़ गई जिंदगी... डंपर से भीषण टक्कर में युवक की मौत, महिला जिंदगी की जंग लड़ रही

बोर्ड ने जिला पंचायत कर्मचारियों को एसीपी एवं पदोन्नति का लाभ देने संबंधी प्रस्ताव का अनुमोदन किया। वहीं जिला पंचायत सदस्यों के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया, जिस पर अध्यक्ष ने शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया।

ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों के बढ़ते खतरे को देखते हुए वन सीमा से लगे गांवों में आवश्यक स्थानों पर तारबाड़ (फेंसिंग) कराने पर भी सहमति बनी। साथ ही विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यों में तेजी लाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें -   नैनीताल जिले में कल से शुरू होगा 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा, घर-घर पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं, मौके पर मिलेगा लाभ

जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए आठ नए वाहनों की व्यवस्था के प्रस्ताव को मंजूरी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण एवं रीसाइक्लिंग आधारित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और जिला पंचायत की दुकानों एवं अन्य परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, सभी जिला पंचायत सदस्य, अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440