समाचार सच, हल्द्वानी। सिखों के आठवें गुरु, श्री गुरु हरिकिशन साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर रामपुर रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु हरिकिशन साहिब जी महाराज में भव्य गुरमत समागम एवं कीर्तन दरबार का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया और गुरबाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
समागम की शुरुआत श्री सुखमनी साहिब के पाठ से हुई। इसके बाद फिरोजपुर से पहुंचे भाई भूपिंदर सिंह जी फिरोजपुरी एवं उनके रागी जत्थे ने मधुर गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। रागी जत्थे द्वारा गुरु साहिब की महिमा से जुड़े विभिन्न शबदों का गायन किया गया, जिस दौरान पूरा गुरुद्वारा परिसर गुरबाणी के मधुर स्वर से गूंज उठा।
इस अवसर पर प्रचारक भाई अमरीक सिंह जी (बॉम्बे वाले) ने गुरु हरिकिशन साहिब जी के जीवन, त्याग और मानव सेवा के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने बेहद कम उम्र में गुरुगद्दी संभालने के बावजूद मानवता की सेवा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में महामारी के कठिन दौर में गुरु हरिकिशन साहिब जी ने जाति, धर्म और वर्ग का भेद किए बिना पीड़ितों की सेवा की। मानवता के प्रति उनकी करुणा और निस्वार्थ सेवा के कारण उन्हें प्रेमपूर्वक ‘बाला प्रीतम’ के नाम से भी याद किया जाता है। उन्होंने संगत से गुरु साहिब के जीवन से प्रेरणा लेकर जरूरतमंदों की सेवा करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी लगातार चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद रूपी लंगर ग्रहण किया। सेवादारों ने पूरी श्रद्धा के साथ संगत की सेवा की।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष अमरीक सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचे समस्त श्रद्धालुओं, रागी जत्थे, सेवादारों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के प्रकाश पर्व जैसे आयोजन हमें मानवता, सेवा, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
समागम में हरविंदर सिंह आनंद, रंजीत सिंह कोहली, अमरजीत चड्ढा, मनजीत सिंह, सविंदरपाल सिंह, हरप्रीत सिंह, भूप्रीत सिंह, गगनदीप सिंह, इंदरपाल सिंह, अर्जुन, बलवंत सिंह, जसप्रीत चड्ढा, सुरिंदर सिंह, गुरबचन सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत एवं सेवादार मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में सिख सेवक जत्था एवं श्री सुखमनी साहिब सेवा सोसाइटी के सेवादारों ने विशेष सहयोग दिया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



