देव संस्कृति विश्वविद्यालय में दधीचि अंगदान संकल्प अभियान में जुटी बड़ी संख्या में भीड़, मुख्यमंत्री धामी बोले- उत्तराखंड स्वास्थ्य सेवाओं में रचेगा नया इतिहास
समाचार सच, हरिद्वार। देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित ‘दधीचि अंगदान संकल्प अभियान’ रविवार को मानव सेवा और जनजागरण का बड़ा मंच बन गया। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में हजारों लोगों ने अंगदान का संकल्प लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि अंगदान केवल चिकित्सा का विषय नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक व्यक्ति का अंगदान कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने बताया कि देशभर के 26 राज्यों में अंगदान को जनआंदोलन बनाने की दिशा में अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें।
जेपी नड्डा ने कहा कि गायत्री परिवार ने देहदान और अंगदान को सामाजिक जागरूकता का अभियान बनाकर एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दान किए गए अंगों और देह का स्वास्थ्य विभाग पूरी वैज्ञानिक प्रक्रिया के साथ मानव कल्याण में उपयोग करेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार अंगदान को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से किडनी, हार्ट और लंग्स ट्रांसप्लांट जैसी सुविधाओं को भी मजबूती दी जा रही है। वर्तमान में देश में हर वर्ष 20 हजार से अधिक अंगदान हो रहे हैं, जबकि पांच लाख से ज्यादा लोग अंगदान की प्रतिज्ञा कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति के त्याग और सेवा के आदर्शों का उल्लेख करते हुए महर्षि दधीचि और राजा शिवि के उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा सदैव लोककल्याण की प्रेरणा देती रही है और अंगदान उसी भावना का आधुनिक स्वरूप है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। दून मेडिकल कॉलेज में राज्य का पहला किडनी ट्रांसप्लांट सेंटर विकसित किया जा रहा है, वहीं बोन बैंक की स्थापना भी की जा चुकी है। सरकार का उद्देश्य है कि गंभीर मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं राज्य में ही उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार की ओर से चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान की भी सराहना की गई। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में नशामुक्ति और अंगदान जैसे अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे प्रयासों को पूरे देश में जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



