हल्द्वानी में एक-एक ताला तोड़कर मचाई दहशत! 7 चोरियों का राज खुला, 45 मुकदमों वाले पिद्दा समेत दो हिस्ट्रीशीटरों को पुलिस ने दबोचा

खबर शेयर करें

लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम में बंद दुकानों को बनाते थे निशाना, लाखों की नकदी, बाइक और चोरी के पैसों से खरीदा मोबाइल बरामद

समाचार सच, हल्द्वानी। नैनीताल जिले में पिछले डेढ़ महीने से लगातार बंद दुकानों के टूटते ताले और गल्लों से गायब होती नकदी ने व्यापारियों की नींद उड़ा रखी थी। लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में एक के बाद एक हुई सात चोरियों ने पुलिस के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। आखिरकार पुलिस ने इस पूरे चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से ही कुल 45 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 2.28 लाख रुपये से अधिक की नकदी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है।

यह भी पढ़ें -   राह भटके 8 वर्षीय मासूम को सकुशल परिजनों से मिलाया

सीसीटीवी और मुखबिरों ने खोला राज
मई और जून के दौरान लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाई। कई दिनों तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार निगरानी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पूछताछ में आरोपियों ने लालकुआं की चार, मुखानी की दो और काठगोदाम की एक चोरी सहित कुल सात वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और सीधे गल्ले में रखी नकदी पर हाथ साफ करता था। इस दौरान उसका साथी राजू बहादुर बाहर खड़े होकर निगरानी करता था ताकि किसी के आने पर तुरंत सतर्क किया जा सके। चोरी के बाद दोनों रकम को नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे।

यह भी पढ़ें -   तुलसी के पौधे से तोड़ी हुई मंजरी का क्या करना चाहिए

एक आरोपी पर 32, दूसरे पर 13 मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर पर 13 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि तीन थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरियों का सफल खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामदगी के साथ आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440