समाचार सच, हल्द्वानी। घर के बाहर शराब पीने से मना करने पर पटवारी व अधिवक्ता ने साथियों के साथ मिलकर तहसील के नाजिर की धुनाई लगा दी। इतना ही नहीं उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी तहरीर में हल्द्वानी तहसील में नाजिर के पद पर कार्यरत हरीश चन्द्र जोशी ने कहा है कि वह परिवार के साथ तहसील प्रांगण में ही रहता है। 16 दिसम्बर की रात जिला कार्यालय रिकार्ड रूम में तैनात कमल उपाध्याय नशे की हालत में उसे बुलाने आया। जब वह घर से बाहर निकला तो देखा कि पटवारी नैनीताल राजेन्द्र सनवाल, अधिवक्ता भगवत जन्तवाल दो अन्य लोगों के साथ बाहर काउंटर में शराब पी रहे थे और आपस में अपशब्दों का प्रयोग कर रहे थे। जब उसने घर में महिलाओं व बच्चों के होने का हवाला देते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया तो वह गाली गलौज करने लगे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं उसके दो मोबाइल फोन भी आरोपियों ने तोड़ दिये। आस-पास के लोग बीच बचाव को आये तो आरोपी उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। पीड़ित ने आरोपियों से स्वयं व परिवारजनों को जानमाल का खतरा बताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












