उत्तरकाशी में देर रात भूकंप के तेज झटके, 4.2 की तीव्रता से दहशत; घरों से बाहर निकले लोग

खबर शेयर करें

समाचार सच, उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में देर रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। यमुना घाटी से लेकर गंगा घाटी तक कई इलाकों में धरती हिलने का एहसास हुआ। रात करीब 1:21 बजे अचानक आए झटकों के बाद कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक लोग खुले स्थानों पर रहे और फोन के जरिए अपने रिश्तेदारों व परिचितों से कुशलक्षेम पूछते रहे।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन के करीब 10 किलोमीटर नीचे, बड़कोट तहसील के राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है।

भूकंप के झटके महसूस होने के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय हो गया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से स्थिति की जानकारी जुटाई गई। तहसीलों और संबंधित विभागों से भी संपर्क कर स्थिति का जायजा लिया गया।

यह भी पढ़ें -   जयकारों से गूंजा नैनीताल, मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

राहत की बात यह है कि अब तक जिले में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन के मुताबिक कहीं भवनों में दरार, सड़क क्षतिग्रस्त होने, भूस्खलन या अन्य नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड रही और इसका केंद्र बड़कोट-राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल स्थिति सामान्य है और किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें -   चुनावी तैयारियों के बीच उत्तराखंड भाजपा में बड़ा फेरबदल, राम माधव को कमान; गौतम की जगह नई टीम

उत्तरकाशी भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील जनपद माना जाता है। देर रात आए झटकों ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन या आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य है और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440