कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक तनाव का असर, महानगरों में 90 पैसे तक बढ़े रेट
समाचार सच, नई दिल्ली (एजेंसी)। आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी। पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है, जिससे तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा है।
इससे पहले 15 मई को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। इसके बावजूद कंपनियों को राहत नहीं मिल पा रही है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
वहीं मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां पेट्रोल 109.70 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
इसके अलावा चेन्नई में पेट्रोल 104.49 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक महसूस किया जाने लगा है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



