पुलिस की कार्रवाई से नशेड़ियों में मचा हड़कंप

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस देर आए-दुरूस्त आए वाली कहावत को चरितार्थ करती दिख रही है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में फैले स्मैक के मक्कड़ जाल को रोकने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने शनिवार सुबह राजपुरा क्षेत्र में घरों में ताबड़तोड़ छापे मारे। हालांकि इस छापेमारी में स्मैक बरामद नहीं हुई। लेकिन स्मैक बेचने व पीने वाले दो दर्जन लोगों को उठा लिया गया। जिन्हें बाद में 107/16 में निरूद्ध कर हिदायत देकर छोड़ा गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद शाह के अनुसार राजपुरा क्षेत्र में लंबे समय से स्मैक तस्करों के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थी। जिस पर पुलिस ने क्षेत्र के संदिग्धों की जानकारी जुटाई और सूची तैयार की। इस पर शनिवार की प्रातः अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र के ऐसे घरों में छापेमारी की, जहां स्मैक तस्करी की संभावना थी। सुबह-सुबह हुई इस कार्यवाही से लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि इस दौरान पुलिस को घरों से स्मैक तो नहीं मिली। लेकिन पुलिस ने स्मैक बेचने व पीने वाले करीब दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया। इनमें महिलाएं भी शामिल रही। पुलिस ने इन सभी से अलग-अलग पूछताछ की। बाद में सभी को 107/16 में निरूद्ध कर दिया गया। सीओ प्रमोद शाह ने बताया कि यह लोग शक के आधार पर हिरासत में लिए गए थे। इनकी नशे के कारोबार में सक्रियता की बात सामने आई है। इनके पास से मादक पदार्थ न मिलने पर इन्हें नशे का कारोबार न करने की हिदायत दी गई है। उनका कहना था कि पुलिस इनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। सीओ ने यह भी कहा कि शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में नशे का अवैध कारोबार कतई नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस इस तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रखेगी।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखण्डः राजस्थान के यात्रियों से भरी इनोवा 200 मीटर गहरी खाई से गंगा में गिरी, दो की मौत, एक घायल

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440