महिलाओं के शोर मचाने पर पिछले रास्ते से भागा आरोपी, सीसीटीवी के सहारे पहचान में जुटी पुलिस

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के ओपीडी भवन स्थित महिला शौचालय में एक संदिग्ध युवक के छिपे होने की सूचना से हड़कंप मच गया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि युवक शौचालय के अंदर फायर सेफ्टी पाइप के ऊपर बैठकर मोबाइल से उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग करने की कोशिश कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब एक महिला शौचालय के अंदर पहुंची तो उसकी नजर ऊपर छिपे युवक पर पड़ी। संदिग्ध को देखकर वह घबरा गई और तुरंत बाहर निकलकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर अन्य महिलाएं और अस्पताल में मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। महिलाओं ने युवक पर आपत्तिजनक हरकत करने और वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।

हंगामा बढ़ता देख आरोपी कथित तौर पर शौचालय के पिछले हिस्से से भाग निकला। सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था। अस्पताल में मौजूद लोगों का कहना है कि युवक घटना से पहले भी काफी देर तक परिसर में संदिग्ध तरीके से घूमता दिखाई दिया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उस समय सीसीटीवी कंट्रोल रूम बंद था और संबंधित कर्मचारी मौजूद नहीं थे। पुलिस अब उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

यह भी पढ़ें -   जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी

इस मामले में एक महिला मरीज के पति ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें -   हरियाली तीज 2026: सुहागिन महिलाएं भगवान शिव-माता पार्वती की पूजा कर अखंड सौभाग्य और सुखी दांपत्य जीवन की कामना करती है
Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440