समाचार सच, खटीमा।
खटीमा में रेलवे स्टेशन वार्ड नंबर छह के पास शनिवार देर रात दो लोगों के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों के शव एक ही स्थान पर पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जीवन चुफाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, दोनों व्यक्ति चित अवस्था में पड़े मिले थे। मृतकों की पहचान राजेंद्र सिंह सामंत, पुत्र पद्म सिंह सामंत, निवासी वेस्ट व्यू होटल के सामने खटीमा तथा विनोद, पुत्र शोभन सिंह, उम्र करीब 47 वर्ष, निवासी ग्राम नगला तहर, थाना डिलारी, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है।
बताया गया कि राजेंद्र सिंह खटीमा में परचून की दुकान चलाता था। वहीं दूसरे मृतक विनोद के संबंध में पुलिस द्वारा अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
दो लोगों की एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए जनपदीय फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। आसपास के लोगों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर दोनों व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



