हल्द्वानी के सरकारी अस्पतालों से विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले पर सियासत गरम, मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग

खबर शेयर करें

विधायक सुमित हृदयेश बोले- कुमाऊँ की स्वास्थ्य व्यवस्था होगी प्रभावित

समाचार सच, हल्द्वानी। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों से बड़ी संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड को ज्ञापन भेजकर तबादलों की समीक्षा करने और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि हल्द्वानी पूरे कुमाऊँ मंडल का सबसे बड़ा स्वास्थ्य केंद्र है, जहां नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत, ऊधम सिंह नगर समेत कई जिलों से प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।

विधायक ने बताया कि हाल ही में डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय से 16, डॉ. सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय से 8 तथा महिला चिकित्सालय से 8 विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्थानांतरण किया गया है। इन तबादलों में सर्जरी, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, एनेस्थीसिया, माइक्रोबायोलॉजी, कैजुअल्टी और इमरजेंसी जैसे महत्वपूर्ण विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं।

सुमित हृदयेश ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का सीधा असर आम मरीजों पर पड़ेगा। खासकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समय पर इलाज, ऑपरेशन और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ेगा।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए इन तबादलों की पुनः समीक्षा की जाए। यदि प्रशासनिक कारणों से स्थानांतरण आवश्यक हों तो उनके स्थान पर समान विशेषज्ञता वाले चिकित्सकों की तत्काल नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि कुमाऊँ मंडल की स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।

यह भी पढ़ें -   विजयपुर–पहाड़पानी सड़क पर सांसद अजय भट्ट का एक्शन, मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी नैनीताल के अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह बिष्ट, हल्द्वानी महानगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मधू सांगुड़ी, हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, बहादुर सिंह बिष्ट, मयंक भट्ट, डॉ. केदार पलड़िया, बिजेन्द्र चौहान, मुकुल बल्यूटिया, एन.बी. गुणवंत, जगमोहन चिलवाल, सुहैल अहमद सिद्दीकी, महेशानंद, गोविन्द बगड़वाल, मलय बिष्ट, मनोज शर्मा, हेम जोशी, अतर हुसैन, हेमंत साहू, दीप पाठक, गिरीश पांडे, शैलेन्द्र दानू, धर्मवीर सहित समस्त सम्मानित कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440