समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी का माल भी बरामद हुआ है। चोरों को कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है। बता दें कि कोविड कर्फ्यू के चलते कपड़ों की दुकानें पूर्णतया बंद हैं। इसका फायदा उठाते हुए बीते दिनों चोरों ने बरेली रोड स्थित हॉलीवुड गारमेंट्स के दरवाजे तोड़ दिये। इसका पता 8 मई को लाइन नंबर 7 आजाद नगर निवासी दुकानस्वामी जयाउर्रहमान के दुकान पहुंचने पर चला। चोर गोदाम से करीब डेढ़ लाख की कीमत के जूते व कपड़े ले उड़े थे। इस मामले में दुकानस्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। चोरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। अभी पुलिस चोरों की तलाश कर ही रही थी कि मुखबिर ने सटीक सूचना दे दी। जिसके आधार पर पुलिस ने दो चोरों को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह माल बेचने रूद्रपुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। पकड़े गये चोरों ने पुलिस को अपने नाम कासिम पुत्र आबिद हुसैन निवासी काशीपुर मोहल्ला, स्वार, रामपुर व अमन पुत्र हसीन निवासी वार्ड नंबर 14 काबुल का गेट, इन्द्रानगर बताये। पूछताछ में दोनों ने जुल्म कबूल कर लिया। पुलिस ने पकड़े गये चोरों को संबंधित धाराओं में कार्यवाही कर जेल भेज दिया है। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में चौकी प्रभारी देवेंद्र बिष्ट के साथ कांस्टेबल उमेश पंत व भूपाल सिंह भी शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












