समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन के दौरान हुए हंगामे और अराजकता के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने नामांकन रैलियों के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और निर्धारित आदेशों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुछ प्रत्याशियों और उनके समर्थकों द्वारा निर्धारित नियमों और लोक सेवकों के विधिसम्मत आदेशों का उल्लंघन करते हुए बड़ी संख्या में रैलियां निकाली गईं। इस दौरान कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में भीड़ जमा होने के साथ यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई तथा स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मामले में पुलिस ने वीडियो फुटेज और मौके से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सदोष अवरोध उत्पन्न करने, बलवा करने, लोक सेवक के विधिसम्मत आदेश की अवहेलना करने तथा लापरवाही और उपेक्षापूर्वक वाहन चलाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
नामांकन रैलियों में बिना अनुमति बड़े वाहनों के इस्तेमाल को भी पुलिस ने गंभीरता से लिया है। इस संबंध में वाहन चालकों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इनके आधार पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, छात्रसंघ चुनाव की आगामी प्रक्रिया को देखते हुए पुलिस ने संभावित उपद्रव करने वाले लोगों को चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इसका उद्देश्य चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि, विवाद या अराजकता की स्थिति को रोकना है।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



