समाचार सच, रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में मंगलवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब पुलिस अभिरक्षा में ले जाए जा रहे दो आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर दी। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा कर दोनों को दोबारा पकड़ लिया, लेकिन इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा और आरोपियों के साथ मारपीट की घटना हो गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएशन कराने के बाद वापस कोतवाली ला रही थी। रास्ते में मौजूद भीड़ के बीच दोनों आरोपियों ने अचानक पुलिस की पकड़ से निकलने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर दोनों को फिर से दबोच लिया।
इस बीच घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को घेर लिया और उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए कड़ी सजा की मांग की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोगों ने आरोपियों के साथ हाथापाई भी की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा और भीड़ को हटाकर आरोपियों को सुरक्षित वाहन तक पहुंचाया गया।
घटना के बाद पुलिस अभिरक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि आरोपी पुलिस हिरासत से निकलने का प्रयास कर सकते हैं तो सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जानी चाहिए। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि 25 जुलाई को सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती ने तीन युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ था, जबकि अन्य दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया था। मामले की विवेचना फिलहाल जारी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



