मार्गों, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी के निर्देश
समाचार सच, देहरादून। दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चारधाम यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने यात्रा से जुड़े जिलों के जिलाधिकारियों से यात्रा मार्गों, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मौसम, भूस्खलन और अन्य संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा मार्गों की नियमित निगरानी की जाए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा बल और राहत-बचाव दल तैनात रखने के साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने धाम से लगभग 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने, डंडी-कंडी सेवाओं को सुव्यवस्थित करने तथा खरसाली से वैकल्पिक मार्ग को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
पैदल मार्ग पर यात्रियों और घोड़े-खच्चरों की आवाजाही को अलग-अलग और व्यवस्थित रखने तथा सूर्यकुंड क्षेत्र में प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। घोड़े-खच्चरों के संचालन में निर्धारित नियमों का पालन कराने, पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा गया।
केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रियों, घोड़े-खच्चरों तथा डंडी-कंडी की आवाजाही नियंत्रित तरीके से कराई जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू की व्यवस्था उपलब्ध रहनी चाहिए।
यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई तेज करने तथा गंगोत्री मार्ग को चौड़ा और गड्ढामुक्त बनाने के कार्य में तेजी लाने को कहा गया। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के साथ स्यानाचट्टी में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल यातायात बहाल करने के लिए पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध रखने को कहा। चारों धामों में मौसम के अनुरूप श्रद्धालुओं के लिए अलाव सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
केदारनाथ और बदरीनाथ यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया। इसके साथ ही यात्रा मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने और घोड़े-खच्चरों की लीद के उचित निस्तारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही मोबाइल नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों में वैकल्पिक आपातकालीन संचार व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को दूरसंचार कंपनियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
यात्रा मार्गों पर पर्याप्त शौचालय, पेयजल, बिजली, प्रकाश और शटल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शौचालयों की नियमित सफाई के साथ औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएम धामी ने हेली सेवाओं को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए टिकट निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित दरों से अधिक राशि वसूलने अथवा अनधिकृत टिकट बिक्री की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ही हेली सेवाओं का संचालन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि चारधाम यात्रा-2026 के लिए अब तक 66 लाख 7 हजार 749 यात्रियों का पंजीकरण हो चुका है। वहीं, 14 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे तक 50 लाख 56 हजार 160 श्रद्धालु चारधाम एवं हेमकुंड साहिब में दर्शन कर चुके हैं।
इनमें यमुनोत्री धाम में 7,08,407, गंगोत्री में 7,89,773, केदारनाथ में 14,98,544, बदरीनाथ में 17,36,619 तथा हेमकुंड साहिब में 3,22,817 श्रद्धालु शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखते हुए समस्या सामने आते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



