खेल, सम्मान, नई योजनाओं और डिजिटल पहल के साथ भव्य आयोजन-सीएम ने लॉन्च किया वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष एप और ‘अभय उदय’ पुस्तक का विमोचन

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित “वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026” का समापन एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन के रूप में हुआ। पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को खास बना दिया, जहां उन्होंने बुजुर्गों को समाज ही नहीं बल्कि राष्ट्र की “अमूल्य धरोहर” बताते हुए उनके सम्मान और कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
यह भव्य कार्यक्रम डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया, जहां हजारों की संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए एक विशेष मोबाइल एप लॉन्च किया, जिससे बुजुर्गों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग की कॉफी टेबल बुक “अभय उदय” का भी विमोचन किया गया, जिसमें राज्य में वरिष्ठ नागरिकों के लिए किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों को दर्शाया गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्ग किसी भी समाज की जड़ों की तरह होते हैं। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही समाज सही दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार और समाज में बुजुर्गों का सम्मान होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि स्वतः आती है।

कार्यक्रम में एक अलग ही ऊर्जा देखने को मिली जब वरिष्ठ नागरिकों ने वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सीएम धामी ने इस उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह साबित करता है कि “उम्र सिर्फ एक संख्या है”, असली मायने ऊर्जा और जज्बे के हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वरिष्ठ नागरिकों के लिए चल रही योजनाओं—अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना—को सराहा और कहा कि इनसे बुजुर्गों का जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बन रहा है।
राज्य स्तर पर भी कई बड़ी घोषणाएं और उपलब्धियां सामने रखी गईं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में 6 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को हर महीने 1500 रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। खास बात यह है कि पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का निर्णय उनकी आर्थिक मजबूती को और बढ़ा रहा है।
वृद्धाश्रमों के आधुनिकीकरण और विस्तार पर भी सरकार का विशेष फोकस है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवन तेजी से बन रहे हैं। वहीं रुद्रपुर में एक आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम भी तैयार किया जा रहा है।
सीएम धामी ने बताया कि पहली बार राज्य में जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे बुजुर्गों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार हो सके। साथ ही राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण और निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं, जिसमें इस वर्ष 1300 सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. ललित मोहन उप्रेती, रमेश मटेला, पर्यावरणविद् डॉ. आशुतोष पंत, पंडित गोपाल कृष्ण बडोला, डॉ. भुवन चन्द्र जोशी, डॉ. त्रिभुवन दत्त शर्मा, आचार्य हरीश चन्द्र पंत, योगेश पांथरी, सुरेश आर्य, गणेशी देवी, अशोक कुमार पंत, गंभीर सिंह चौहान और अनन्त प्रसाद नौटियाल शामिल रहे।
खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं—मनोज जोशी, मनोज सनवाल, गुरमीत सिंह, शंकर सिंह भंडारी, हरिमोहन आर्य, राजश्री तिवारी और अरविन्द पाण्डे—को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें मंत्री खजान दास, मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्य, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़ और उपाध्यक्ष नवीन लाल वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्य, सुरेश भट्ट, भावना मेहरा, शंकर कोरंगा, हरक सिंह नेगी, शांति मेहरा, फरजाना, एस. नामधारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, साकेत अग्रवाल, राजेन्द्र सिंह बिष्ट, मेजर जनरल (सेनि.) इन्द्रजीत सिंह, कर्नल (सेनि.) बी.एस. रौतेला, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव प्रकाश चंद्र, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी और सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डे समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि उत्तराखंड सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके गरिमामय जीवन के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



