समाचार सच, रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की कृष्णा विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति का शव घर के भीतर संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार कृष्णा विहार कॉलोनी, फुलसुंगा निवासी 48 वर्षीय कमलेश चंद्र दुबे बुधवार को अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। पड़ोसियों ने बताया कि काफी समय तक घर के अंदर कोई गतिविधि नजर नहीं आने पर उन्हें संदेह हुआ। जब उन्होंने गेट के बाहर से अंदर झांककर देखा तो कमलेश जमीन पर पड़े दिखाई दिए और उनके शरीर में कोई हलचल नहीं थी।
इसके बाद आसपास के लोगों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने घर का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कुंडा तोड़कर भीतर प्रवेश किया गया। अंदर कमलेश अचेत अवस्था में मिले, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को बुलाया गया।
सूचना मिलने पर उप निरीक्षक महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के नाक और मुंह से रक्तस्राव के निशान मिले हैं। इसके अलावा घुटनों पर भी चोट के चिह्न पाए गए। हालांकि कमरे की तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को शराब सेवन की आदत थी, लेकिन फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



