ट्रंचिंग ग्राउंड के धुएं से क्षेत्रवासी परेशान, गाड़ी को रोक सपा नेता ने किया विरोध

खबर शेयर करें


समाचार सच, हल्द्वानी (फरहत रऊफ)। ट्रंचिंग ग्राउंड फिर सुलग उठा है। इससे उठने वाले धुएं से क्षेत्रवासी खासे परेशान हैं। आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने गुरूवार को कूड़े के वाहनों को रोक लिया और धरना-प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।

ट्रंचिंग ग्राउंड का मुद्दा सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए चयनित स्थल में खुले में कूड़ा डालने की वजह से क्षेत्र का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। ट्रंचिंग ग्राउंड पिछले एक सप्ताह से फिर धधक रहा है। ट्रंचिंग ग्राउंड के जहरीले धुंए से बनभूलपुरा क्षेत्र के 40 हजार से अधिक की आबादी परेशान है, लेकिन नगर निगम प्रशासन कूड़े में लगी आग बुझाने के लिए ठोस कदम नहीं उठा पा रहा है। लोगों ने एक बार फिर निगम की कार्यशैली के खिलाफ आंदोलन का मन बना लिया है। जिसके चलते गुरुवार को स्थानीय लोगों ने सपा प्रदेश प्रमुख शुऐब अहमद के नेतृत्व में कूड़े की गाड़ियों को रोककर ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा डालने का विरोध किया। साथ ही धरना देकर विरोध जताया। शुऐब अहमद का कहना था कि वह पिछले कुछ दिनों से रात्रि के समय अकेले ही ट्रंचिंग ग्रांउड का जायजा ले रहे हैं। बताया कि रात के समय यहाँ पड़ा कूड़ा धूं-धूं कर जल रहा है और इससे उठने वाला जहरीला धुंआ पूरे क्षेत्र के वातावरण को जहरीला बना रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रंचिंग ग्राउंड के धुंए से इंदिरानगर के लोगों को श्वांस संबंधित गंभीर बीमारियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम के मेयर और नगर आयुक्त से इस संबंध में कई बार आग बुझाने का निवेदन किया जा चुका है, लेकिन निगम एक टैंकर पानी डालकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ देता है। इधर इस संबंध में नगर निगम के सहायक आयुक्त विजेंद्र चौहान का कहना है कि ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण की प्रक्रिया गतिमान है। इसके निर्माण के लिए 12 अप्रैल को टेंडर आवंटित किए गए हैं। जिसमें कई कंपनियों के ऑनलाइन टेंडर आ चुके हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही 22 से 25 करोड़ की लागत से बनने वाले इस ट्रंचिंग ग्राउंड का काम शुरू हो जाएगा। जल्द ही लोगों को गंदगी की समस्या से निजात मिल जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440