समाचार सच, मसूरी।
एमपीजी कॉलेज मसूरी में छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी माहौल गरमा गया। नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच में एबीवीपी से उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए दाखिल तीन नामांकन पत्रों में आपत्तियां सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में विरोध और नारेबाजी का दौर शुरू हो गया। एनएसयूआई समेत अन्य छात्र नेताओं ने संबंधित नामांकन निरस्त किए जाने की मांग को लेकर कॉलेज परिसर और मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्र गुटों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, हालांकि कॉलेज प्रशासन ने स्थिति संभाल ली।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, उपाध्यक्ष पद के एबीवीपी प्रत्याशी की उम्र 22 वर्ष चार माह पाई गई, जबकि चुनाव प्रक्रिया में लागू लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत अधिकतम आयु सीमा 22 वर्ष निर्धारित है। वहीं सचिव और कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के दस्तावेजों की जांच में परिणाम घोषित न होने तथा क्रेडिट बेस्ड सिस्टम से जुड़ी निर्धारित शर्तें पूरी नहीं होने जैसी कमियां सामने आने की बात कही गई।
इन आपत्तियों के चलते तीनों नामांकन प्रारंभिक स्तर पर निरस्त किए गए हैं। हालांकि अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होने के बाद ही चुनाव की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। कॉलेज के घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और अंतिम सूची का प्रकाशन होना है, जबकि 29 सितंबर को मतदान और उसी दिन मतगणना प्रस्तावित है।
अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले की तस्वीर
अध्यक्ष पद के लिए मसूरी छात्र संगठन से मनन, एनएसयूआई से विकास सिंह और एबीवीपी से वेदांत थपलियाल के नाम सामने आए हैं। वहीं सचिव पद पर अंकित रौतेला, रिया, प्रियांशु और आशुतोष जोशी ने नामांकन दाखिल किया है।
उपाध्यक्ष पद पर गौरव सिंह गुसाईं, सहसचिव पद पर ईशा और कोषाध्यक्ष पद पर सलोनी ने नामांकन किया है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए करिश्मा डुमोगा और संध्या ने नामांकन दाखिल किया है।
हालांकि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सभी पदों पर प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति साफ होगी।
नामांकन के दौरान नोकझोंक, सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
नामांकन के दौरान कॉलेज परिसर में छात्र संगठनों के समर्थकों की मौजूदगी के बीच कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हुआ। छात्र गुटों में हल्की नोकझोंक की स्थिति बनी, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने हस्तक्षेप कर स्थिति सामान्य कराई।
चुनाव अधिकारी डॉ. अमिताभ भट्ट और प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में लिंगदोह समिति की सिफारिशों और निर्धारित नियमों का पालन कराया जा रहा है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद ही अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। कॉलेज की चुनाव अधिसूचना के मुताबिक 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मतदान होगा और इसके बाद मतगणना की जाएगी।
कॉलेज प्रशासन की ओर से मतदान के दौरान वैध आईडी कार्ड की अनिवार्यता और सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
अब 25 सितंबर को जारी होने वाली अंतिम प्रत्याशी सूची पर सभी की नजर है। इसके बाद ही एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव की पूरी तस्वीर सामने आएगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



