समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। हल्द्वानी-रामपुर रोड पर टांडा जंगल क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया। तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद चारों बाइक सवार सड़क पर लहूलुहान हालत में गिर पड़े।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रामपुर रोड पर टांडा जंगल में एस-मोड़ से करीब 200 मीटर पहले हुई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान दोनों बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीपीनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट निवासी मंगोलिया, कालाढूंगी और 28 वर्षीय राजू गुप्ता निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है। इनमें सौरभ बिष्ट नैनीताल जिले के बेतालघाट विकासखंड में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के पद पर कार्यरत थे। बताया गया है कि सौरभ अपने साथी बृजेश सती के साथ रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर आ रहे थे।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ओवरटेक के दौरान वाहनों का आमने-सामने आना माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। जिस सफर पर लोग अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए निकले थे, वह दो युवकों के लिए जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



