समाचार सच, रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बार फिर दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग पर पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डरों ने एक बोलेरो वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में 11 यात्री सवार थे, जो उत्तरकाशी से केदारनाथ दर्शन के लिए निकले थे। सुबह करीब 7.15 बजे मुनकटिया के पास लैंडस्लाइड जोन में पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े पत्थर गिरने शुरू हुए। एक विशाल बोल्डर सीधे वाहन पर जा गिरा, जिससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और ैक्त्थ् जवानों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से निकालकर सोनप्रयाग अस्पताल पहुंचाया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे में दो लोगों, रीता (30 वर्ष) और चंद्र सिंह (50 वर्ष), दोनों उत्तरकाशी के सियालब निवासी, की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में नवीन सिंह रावत (35 वर्ष), ममता (29 वर्ष), और प्रतिभा (25 वर्ष) शामिल हैं। नवीन और ममता की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मुनकटिया, जो एक स्लाइडिंग जोन के रूप में जाना जाता है, में इस तरह के हादसे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की गंभीर समस्या को उजागर करते हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा उत्तराखंड के पहाड़ी मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440