एमबीपीजी कॉलेज में दो दिवसीय खेलो इंडिया महिला वुशु लीग-2026 का भव्य समापन, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
समाचार सच, हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित दो दिवसीय खेलो इंडिया महिला वुशु लीग-2026 का रविवार को उत्साह, जोश और गरिमापूर्ण माहौल के बीच भव्य समापन हुआ। 8 और 9 अगस्त को आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों की महिला खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया।
समापन समारोह में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं जिला खेल अधिकारी डॉ. निर्मला पंत ने विशेष अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। अतिथियों ने विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
खेल प्रतिभा को निखारने का बड़ा मंच बना आयोजन
वुशु एसोसिएशन ऑफ नैनीताल के महासचिव रोहित यादव ने बताया कि खेलो इंडिया महिला वुशु लीग का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी तकनीक, फिटनेस और खेल भावना का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास की मजबूत नींव भी तैयार करता है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बेटियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर देते हैं और उन्हें बड़े मंच पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
विशेष अतिथि जिला खेल अधिकारी डॉ. निर्मला पंत ने कहा कि खेलो इंडिया जैसे आयोजन देश की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। खासकर महिला खिलाड़ियों के लिए ऐसे मंच उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने के साथ-साथ खेलों में उनके भविष्य की राह भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इन खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता के विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में अंडर-12 वर्ग में परिशा, दिव्यता बिष्ट, रियांशी खनी, काव्य धर्मवाल, योगिता तारागी, कांशिका आर्य, लक्षिता बिष्ट, निर्वाणी जोशी, पूर्वी अधिकारी, भव्या गरिया, आदिति पलड़िया, ह्रितिक नेगी, ख्याति तिवारी, प्रियांशी, नीहारिका और गरिमा मिश्रा ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
अंडर-14 वर्ग में पीहू रावत, प्राची बिष्ट, भाविका कन्याल, आंशिक कांसवल, सत्यागी पाण्डेय, तनिष्का बोरा, कनक जोशी और वैष्णवी बेलवाल ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
जूनियर वर्ग में प्राणिक बिष्ट, तानिया बिष्ट, कल्पना दानु और धृति सक्सेना ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं सीनियर वर्ग में हिमानी बिष्ट, करुणा लखेरा, पायल रावत, चमन अंसारी और शिवानी कश्यप ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
तावलू वर्ग में ज्योति वर्मा, साक्षी आर्य और प्रिय ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा बनाया।
इन खिलाड़ियों ने हासिल किया रजत पदक
विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में आराध्य भट्ट, भावना, भवी गुरुरानी, प्रत्यूष पंत, द्रवि बिष्ट, जानवी नेगी, अगम्य, आरायना नेगी, पावनि तिवारी, चिन्मया परगाई, सौम्य कर्नाटक, अनाया, काशवी पाण्डेय, तृप्ति जोशी, ध्रुविका, वान्या पंत, नीहारिका, शिखा, सृष्टि, इशिका, रक्षित पाण्डेय, तनुजा, वंशिका मेहता, आराध्या, नंदनी गुप्ता, भूमिका, अरीबा, अपराजिता और हिमानी मेर ने रजत पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों में दिखा गजब का उत्साह
दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। प्रशिक्षकों और निर्णायकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता ने हल्द्वानी में महिला वुशु खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
इस अवसर पर वुशु एसोसिएशन ऑफ नैनीताल के अध्यक्ष विक्रम खनी, लक्ष्मण भट्ट, अंकित बिष्ट, बंशी बिष्ट, पंकज धर्मवाल, महेंद्र सिंह भाकुनी, विजेंद्र सिंह, यश निषाद, राहुल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
आयोजकों ने जताया आभार
आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह बाजवा, चेयरमैन भूपिंदर सिंह बाजवा, सीईओ सुहेल अहमद तथा अंतरराष्ट्रीय जज एवं कोच अंजना रानी सपकाल का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने कहा कि खेलो इंडिया महिला वुशु लीग-2026 के सफल आयोजन से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों से भविष्य में राज्य और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की उम्मीद जताई गई।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



