उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमा नहीं, 7 जिलों में अगले 3 घंटे भारी बारिश का खतरा, 14 अगस्त तक अलर्ट

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि अगले तीन घंटे उत्तराखंड के सात जिलों के लिए खासे महत्वपूर्ण बताए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ बारिश का तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकता है। इन जिलों को तत्कालिक पूर्वानुमान में ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है।

108 मिमी बारिश से खानपुर सबसे आगे
मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार खानपुर में सर्वाधिक 108 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा धारचूला में 51, लक्सर में 50, लोहाघाट में 44, शामा में 38, सोनप्रयाग और पोखरी में 36.5-36.5, जबकि थल में 34 मिमी बारिश दर्ज हुई।
नैनीताल में 11.5, चकराता में 12 और विकासनगर में 9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने का खतरा बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 24 सितम्बर 2026, गुरुवार प्रदोष व्रत आज, धन-रोजगार और पारिवारिक जीवन में बनेंगे नए योग; जानिए पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल

आज इन 9 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को उत्तरकाशी, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
पर्वतीय जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। ऊधम सिंह नगर में भी गर्जन के साथ बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।

देहरादून-हरिद्वार में भी बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश से देहरादून और हरिद्वार के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
बारिश के दौरान पर्वतीय सड़कों पर बोल्डर और मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में पहाड़ों की यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति देखकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें -   खटीमा को बड़ी सौगात: 7.23 करोड़ की हाईटेक गौशाला जनता को समर्पित, सीएम धामी ने 15 विकास योजनाओं का भी किया शिलान्यास

14 अगस्त तक बारिश से राहत के आसार कम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 से 14 अगस्त तक भी प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है।
12 अगस्त को देहरादून, टिहरी और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दिन प्रदेश के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
13 अगस्त को टिहरी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। दोनों दिन प्रदेश के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में रहने और यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित इलाकों, नदी-नालों और गदेरों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440