समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। संयुक्त व्यापारी प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के मेयर गजराज बिष्ट से मुलाकात कर नगर निगम की दुकानों के किराए में प्रस्तावित वृद्धि का विरोध जताया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नगर निगम की लगभग 1200 दुकानों में वर्षों से व्यापारी अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं और निर्धारित व्यवस्था के तहत प्रत्येक पांच वर्ष में 12.50 प्रतिशत किराया वृद्धि की जाती रही है।
व्यापारी नेताओं ने मेयर को अवगत कराया कि वर्ष 2026 से किराए में पांच गुना तक वृद्धि किए जाने का प्रस्ताव व्यापारियों के लिए अत्यंत चिंताजनक है। उनका कहना था कि कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन के बाद से बाजार में लगातार मंदी का माहौल बना हुआ है, जिसके कारण व्यापारी वर्ग पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रहा है। ऐसे समय में किराए में अत्यधिक बढ़ोतरी करना न्यायोचित नहीं होगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मेयर से किराया वृद्धि के प्रस्ताव को वापस लेने तथा पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही किराया निर्धारण करने की मांग की। इस पर मेयर गजराज बिष्ट ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर निगम और व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए विश्वास एवं पारदर्शिता के साथ उचित निर्णय लिया जाएगा।
मेयर से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से गोविंद सिंह बगड़वाल, पंकज कपूर, योगेश शर्मा, दलजीत सिंह दल्ली, राजीव जायसवाल (सांसद प्रतिनिधि), वीरेंद्र गुप्ता, मुकेश ढींगरा, देवेश अग्रवाल, प्रेम चौधरी, मनीष वर्मा, संदीप सक्सेना, जसपाल मालदार, डब्बू तिवारी, अनुज देवल, रवींद्र बाली, उमेश कनवाल, सचिन कुमार, वीरेंद्र बिष्ट, रविंद्र वर्मा, रामप्रसाद, कुंदन बिष्ट, हितेश शर्मा, ज्ञान प्रकाश सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



