उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न! आज से बदलेगा मिजाज, इन जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 1 जुलाई तक भारी बरसात की चेतावनी

खबर शेयर करें

भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट, पहाड़ों में भूस्खलन और नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क रहने की सलाह

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 और 29 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 30 जून को कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें -   बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर: आज रविवार को खुलेंगे सरकारी बैंक, कल से तीन दिन की हड़ताल

एक जुलाई को बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है। विभाग के अनुसार नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना रहने के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 27 सितम्बर 2026, रविवार आज से महालय का शुभारंभ, पितरों को समर्पित 16 दिवसीय पर्व शुरू; जानिए पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, जबकि नदी-नालों का जलस्तर भी अचानक बढ़ने की आशंका है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों से दूरी बनाए रखने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

उधर, मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य का पुलिस और जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमें संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रखी गई हैं।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440