समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चुनावी मैदान में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी ने पहली सूची में 16 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें कई चर्चित चेहरे शामिल हैं, जबकि कुछ नामों ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं।
शनिवार को देहरादून प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त कुकरेती ने संसदीय बोर्ड की मंजूरी के बाद प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की। उन्होंने बताया कि पहले चरण में उन विधानसभा क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता दावेदार हैं और उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन चुकी है।
उक्रांद अध्यक्ष ने कहा कि शेष उम्मीदवारों के नाम तीन चरणों में घोषित किए जाएंगे। पहले उन सीटों पर निर्णय लिया जाएगा, जहां एक या दो दावेदार हैं। इसके साथ ही समान विचारधारा वाले क्षेत्रीय संगठनों के साथ गठबंधन की संभावनाएं भी खुली रखी गई हैं।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में गठबंधन की संभावना है, वहां उम्मीदवार घोषित करने में जल्दबाजी नहीं की जाएगी। इससे संकेत मिलता है कि उक्रांद चुनाव से पहले क्षेत्रीय दलों के साथ तालमेल बैठाने की रणनीति पर भी काम कर रहा है।
जागेश्वर सीट पर चाचा-भतीजे के आमने-सामने आने के आसार
उक्रांद की पहली सूची में सबसे चर्चित नामों में दिनेश कुंजवाल का नाम भी शामिल है। दिनेश कुंजवाल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता गोविंद सिंह कुंजवाल के भतीजे हैं। वह हाल ही में कांग्रेस छोड़कर उक्रांद में शामिल हुए थे।
पार्टी ने उन्हें जागेश्वर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में आगामी चुनाव में इस सीट पर चाचा और भतीजे के आमने-सामने आने की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र का चुनावी मुकाबला खासा दिलचस्प हो सकता है।
उक्रांद की पहली सूची में खानपुर विधानसभा सीट से रितु कंडियाल जुयाल को उम्मीदवार बनाया गया है। वह इस सूची में शामिल एकमात्र महिला प्रत्याशी हैं और पहले कांग्रेस से जुड़ी रही हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त कुकरेती से सचिवालय से जुड़े एक पुराने चर्चित प्रकरण में रितु कंडियाल का नाम सामने आने को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने संबंधित मामले की जानकारी होने से इनकार किया।
उत्तराखंड क्रांति दल ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में 48 सीटों पर अपने अधिकृत प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन पार्टी को किसी भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। अब आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए दल ने चरणबद्ध तरीके से उम्मीदवारों की घोषणा शुरू की है।
पहली सूची जारी होने के बाद अब राजनीतिक नजरें पार्टी की अगली सूचियों और संभावित गठबंधन पर टिकी हैं। देखना होगा कि क्षेत्रीय मुद्दों और स्थानीय समीकरणों के सहारे उक्रांद इस बार चुनाव में कितना प्रभाव छोड़ पाता है।
उक्रांद की पहली सूची में शामिल 16 उम्मीदवार
पिथौरागढ़ — काशी सिंह ऐरी
द्वाराहाट — पुष्पेश त्रिपाठी
देवप्रयाग — पूरण सिंह कठैत
प्रतापनगर — पंकज व्यास
कर्णप्रयाग — आशीष नेगी
जागेश्वर — दिनेश कुंजवाल
राजपुर रोड — देवचंद उत्तराखंडी
सल्ट — प्रताप सिंह
टिहरी — डीडी पंत
कपकोट — वरुण चंदोला
काशीपुर — प्रदीप चंद
नानकमत्ता — कैलाश सिंह पांगती
रामनगर — भुवन चंद
देहरादून कैंट — सेवानिवृत्त कमांडेंट राजेंद्र सिंह नेगी
खानपुर — रितु कंडियाल जुयाल
धनौल्टी — चंदन सिंह राणा
वार्ता में उक्रांद संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रशेखर कापड़ी समेत आशीष नेगी, जय प्रकाश उत्तराखंडी, शांति प्रसाद भट्ट और लुसुन टोडिरिया सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



