समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। हल्द्वानी में रविवार दोपहर एक कार सर्विस सेंटर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही देर में सेंटर के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में सोफा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं, बिलिंग काउंटर पर रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, घटना कालाढूंगी रोड पर ऊंचा पुल के पास स्थित एक कार सर्विस सेंटर की है। रविवार दोपहर करीब एक बजे अचानक सेंटर के भीतर आग लग गई। शुरुआत स्पेयर पार्ट्स स्टोर से हुई, लेकिन देखते ही देखते आग पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर तक फैल गई। आग की लपटें उठती देख सेंटर में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
आग तेजी से फैलने के कारण सर्विस सेंटर के अंदर रखा फर्नीचर, सोफा और अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया। बिलिंग काउंटर पर रखी नकदी भी जल गई। घटना से सेंटर में काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
अग्निकांड की सूचना मिलने पर दमकल विभाग और मुखानी थाने की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार के अनुसार, आग बुझाने के लिए दो वाटर टेंडर के साथ दमकल कर्मियों को रवाना किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
सर्विस सेंटर संचालक विजय कुमार के मुताबिक, आग लगने से बिलिंग काउंटर पर रखी लगभग 1.50 लाख रुपये की नकदी भी जल गई। इसके अलावा सेंटर में रखे अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दमकल विभाग की कार्रवाई के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



