उत्तराखंड में मौसम का कहर! 27 सितंबर तक थमी चारधाम यात्रा, हेली सेवा भी बंद, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी से बढ़ी मुश्किलें

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट लेते हुए चारधाम यात्रा की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। भारी बारिश के रेड अलर्ट और लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा को 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मौसम की स्थिति को देखते हुए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पहले ही अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। बाद में खराब मौसम को देखते हुए चारों धामों की यात्रा पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम सामान्य होने तक यात्रा न करने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

केदारनाथ हेली सेवा पर भी असर
खराब मौसम का असर हेली सेवाओं पर भी देखने को मिला। केदारनाथ के लिए हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही, जबकि श्रीनगर क्षेत्र में भी हवाई सेवा बाधित होने की सूचना है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते यात्रियों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
गढ़वाल आयुक्त के निर्देश के बाद यात्रा से जुड़े परिवहन इंतजामों पर भी असर पड़ा है। ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड से संबंधित काम रोक दिया गया है तथा यात्रियों को सुरक्षित स्थानों और ट्रांजिट कैंपों में रुकने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें -   बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर: आज रविवार को खुलेंगे सरकारी बैंक, कल से तीन दिन की हड़ताल

ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी
चमोली जिले में निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नीती और माणा घाटी में बर्फबारी की खबर है। हेमकुंड साहिब क्षेत्र में बर्फ जमने से आस्था पथ पर फिसलन बढ़ गई, जिसके चलते पुलिस और एसडीआरएफ ने यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही में मदद की।
बारिश और बर्फबारी के कारण चमोली और रुद्रप्रयाग समेत पहाड़ी जिलों में ठंड भी बढ़ गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

यह भी पढ़ें -   धारी तहसील में विजिलेंस का शिकंजा, 30 हजार रुपये लेते पटवारी गिरफ्तार

गंगा का जलस्तर बढ़ा, राफ्टिंग पर रोक
लगातार बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से राफ्टिंग गतिविधियों पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी क्षेत्र में गतिविधियों को नियंत्रित किया है।
देहरादून में भी खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर पड़ा। कई उड़ानों के संचालन में बदलाव हुआ और कुछ उड़ानों को डायवर्ट अथवा रद्द किया गया।

गोमुख ट्रैक पर हादसा, धान की फसल को भी नुकसान
उत्तरकाशी में गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर एक बुजुर्ग यात्री के पैर फिसलने के बाद खाई में गिरने और तेज बहाव में बहने की घटना भी सामने आई है। वहीं नई टिहरी में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचने की सूचना है।
मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा को लेकर भी स्पष्ट किया गया है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440