समाचार सच, पंतनगर/रुद्रपुर। उधमसिंह नगर जिले के पंतनगर थाना क्षेत्र के टांडा जंगल स्थित संजय वन के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा विवाह समारोह से लौट रहे बारातियों की कार के सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने से हुआ।
आवास विकास रुद्रपुर के छह दोस्त डस्टर कार (संख्या यूके-06/एएफ-7305) से हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। टांडा जंगल के संजय वन के पास उनकी कार सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी छह युवक घायल हो गए। हादसे के बाद दुर्घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को रुद्रपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने विनोद तिवारी और शशांक सुयाल को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों उमेश भट्ट, आशीष कुमार, अमन आर्या, और कमल भट्ट को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी घायलों के परिजनों से मिले और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे। हादसे से परिवार और दोस्तों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440