समाचार सच, हल्द्वानी। कोरोना संक्रमणकाल में लगी पाबंदियों के बीच कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक नए साल 2021 का स्वागत घरों में ही किया गया। कई लोग नववर्ष की प्रातः मंदिरों में पहुंचे और पूजा-अर्चना करते देखे गये। साथ ही कोरोना से विश्व के बचाव एवं विश्व कल्याण की भी प्रार्थना की गयी। कोरोना संक्रमणकाल के चलते इस वर्ष प्रदेश के पर्यटन स्थलों में थर्टी फर्स्ट व नववर्ष पर पार्टियों व अन्य सामूहिक आयोजन पूर्णतया प्रतिबंधित रहे। हालांकि वर्ष 2020 को अलविदा कहने और नए साल 2021 का स्वागत करने के लिए सरोवर नगरी नैनीताल में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। लेकिन पाबंदियों के चलते वह होटलों के कमरों में ही कैद रहे। पर्यटकों ने जहां होटलों के कमरों में नए साल का जश्न मनाया। वहीं लोगों ने घरों में ही नए साल का स्वागत किया। नए साल की प्रातः अधिकांश लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना करने पहुंचे। इतना ही नहीं कई मंदिरों में नए साल पर धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया गया। जिनके माध्यम से कोरोना से विश्व के बचाव एवं विश्व कल्याण की भी प्रार्थना की गयी। प्रदेश में कई जगह लोगों ने आतिशबाजी कर 2020 को अलविदा कहा और नए साल का स्वागत किया। कई जगह केक काटकर नया साल मनाया गया। इस बार कोरोना के चलते होटल और रेस्त्रां में सामूहिक पार्टियां नहीं हुई। देहरादून में कई जगह लोगों ने घर में ही बोन फायर किया। साथ ही आस पड़ोस के लोगों के साथ पकवान बनाकर घर में डीजे पर डांस कर नए साल का स्वागत किया। वहीं, बच्चों ने भी डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। होटलों में आयोजित सीमित लोगों की पार्टी में किसी ने परिवार तो किसी ने दोस्तों के साथ नया साल का स्वागत किया। लोगों ने रात 12 बजते ही दिल खोलकर पटाखे छोड़कर नए साल के स्वागत किया। उधर हरिद्वार जिला प्रशासन ने थर्टी फर्स्ट की रात को कोरोना संक्रमण के फैलाव की आशंका को देखते हुए रातभर के लिए लॉकडाउन घोषित कर दिया। अचानक जारी हुए आदेश को प्रभावी कराने के लिए पुलिस-प्रशासन को समय तक नहीं मिला। आदेश कागजों तक ही सीमित रहा। पहले से ही 2020 की विदाई और 2021 के स्वागत की तैयारी कर चुके लोगों ने अपने-अपने अंदाज में जश्न मनाया। मध्य रात्रि में कहीं आतिशबाजी हुई तो कहीं डीजे पर डांस कर लोगों ने हैप्पी न्यू ईयर बोलकर एक-दूसरे को बधाइयां दी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












