समाचार सच, अल्मोड़ा। नगर से सटे फलसीम क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। उदयशंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी के पास सड़क किनारे खड़े एक दंपति को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रफीका बेगम (30) पत्नी बापी मंडल उर्फ अब्दुल मलिक मंडल (45), निवासी कमर कुंडू थाना सिंगूर, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। यह दंपति वर्तमान में गोपालधारा, अल्मोड़ा में रह रहा था।
बताया गया कि दंपति अपने रिश्तेदारों कबीरउद्दीन, उनकी पत्नी कुलसुम बेगम और दो बच्चों के साथ दोपहिया वाहनों से घूमने निकले थे। जब वे फलसीम के पास पहुंचे, तो सबने सड़क किनारे रुककर अल्मोड़ा नगर का नजारा देखने और फोटो खींचने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दंपति स्कूटी समेत गहरी खाई में जा गिरे। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पति बापी मंडल खाई में एक चीड़ के पेड़ पर अटके मिले, जबकि पत्नी और स्कूटी लगभग 30 मीटर नीचे सड़क के किनारे गिरी थी।
अंधेरा बढ़ जाने से खोजबीन में दिक्कतें आईं। देर रात रफीका बेगम को झाड़ियों में बेसुध अवस्था में पाया गया। पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष योगेश उपाध्याय ने बताया कि यह हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ है। घायल पति को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
वहीं, जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राहुल जैन ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जहां हादसा हुआ, वह स्थान पहले से ही “डेंजर प्वाइंट” के रूप में जाना जाता है। यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है, और लोग सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440

