समाचार सच, देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन के वरिष्ठ नेता को अहम जिम्मेदारी देने की तैयारी कर रही है। हरियाणा में भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन का पद संभाल चुके सुरेश भट्ट को उत्तराखंड में यही जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उत्तराखंड में लगभग सवा साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 57 सीटों पर जीत दर्ज कर तीन-चौथाई से अधिक बहुमत हासिल किया। इसके अलावा पिछले दो लोकसभा चुनावों में भाजपा ने राज्य की पांचों सीटों पर परचम फहराया। अब पार्टी का यही प्रदर्शन उसके लिए आगामी विधानसभा चुनाव में कसौटी बन गया है। पार्टी के लिए अपने पिछले प्रदर्शन की पुनरावृत्ति न केवल चुनौती है, बल्कि कहीं न कहीं इस वजह से भाजपा कुछ दबाव में भी रहेगी। सरकार और संगठन अब पूरी तरह चुनावी मोड़ में नजर आ रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान भाजपा ने विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल रैलियों के जरिये पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखा। अब मुख्यमंत्री सभी जिलों के भ्रमण की तैयारी कर रहे हैं। उधर, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत भी लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। संगठन को और ज्यादा मजबूती देने के लिए भाजपा अब एक वरिष्ठ नेता को महत्वपूर्ण पद सौंपने की तैयारी में है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक हरियाणा में पार्टी संगठन में काम कर चुके उत्तराखंड मूल के सुरेश भट्ट को प्रदेश महामंत्री संगठन के रूप में उत्तराखंड में सक्रिय किया जा सकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के मुताबिक उत्तराखंड इकाई में महामंत्री संगठन के दो पद हैं, इनमें से एक अभी रिक्त चल रहा है। हालांकि इस पद पर नियुक्ति के संबंध में उन्होंने केवल यही कहा कि केंद्रीय नेतृत्व जिसे चाहेगा, उसे यह जिम्मेदारी दी जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












