समाचार सच, अल्मोड़ा। ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान शनिवार को गौरव, अनुशासन और देशभक्ति का साक्षी बना, जब कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर (केआरसी) में प्रशिक्षित 1170 अग्निवीरों ने भव्य पासिंग आउट परेड के साथ भारतीय सेना में अपने नए सफर की शुरुआत की। “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के बीच अग्निवीरों ने मातृभूमि की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी अटूट निष्ठा प्रदर्शित की।
करीब छह माह के कठिन सैन्य प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अग्निवीरों के सातवें बैच ने शानदार मार्च पास्ट और सैन्य कौशल का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। समारोह का शुभारंभ धर्म गुरुओं द्वारा देश रक्षा की शपथ दिलाने के साथ हुआ, जिसके बाद जवानों ने अनुशासन और दक्षता से भरपूर परेड प्रस्तुत की।
परेड की सलामी केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने ली। प्रशिक्षण पूर्ण कर अग्निवीर बहादुरगढ़ द्वार से कदमताल करते हुए मैदान में पहुंचे और आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर महादिक ने अग्निवीरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय सेना का हिस्सा बनना सम्मान और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा का अवसर सभी को नहीं मिलता और जो युवा देश की सुरक्षा के लिए स्वयं को समर्पित करते हैं, वे वास्तव में सौभाग्यशाली हैं।
उन्होंने कहा कि अग्निवीरों ने अपनी पहली अग्निपरीक्षा सफलतापूर्वक पार कर ली है और अब वे हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। साथ ही कुमाऊं रेजिमेंट की गौरवशाली परंपराओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा सैनिक भी देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
समारोह के दौरान अग्निवीरों के चेहरों पर सेना का हिस्सा बनने की खुशी साफ दिखाई दी। वहीं, दूर-दराज से पहुंचे अभिभावकों और परिजनों के लिए यह पल गर्व और भावनाओं से भरा रहा। अपने बेटों और भाइयों को सेना की वर्दी में देखकर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट कर्नल प्रभु रामदास वामन, प्रशिक्षण बटालियन कमांडर कर्नल मोहित वर्मा, कैप्टन रोबिन, सूबेदार मेजर राजेश कुमार, सूबेदार प्रकाश चंद, पंकज कुमार, हवालदार भगत सिंह, अल्का कौशिक सहित अनेक सैन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पासिंग आउट परेड के बाद इन अग्निवीरों को कुमाऊं और नागा रेजिमेंट की विभिन्न पलटनों में तैनाती के लिए रवाना किया जाएगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



