समाचार सच, हल्द्वानी (सुशील शर्मा)। कोरोना संक्रमण लगातार विकराल हो रहा है। इससे मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार दोपहर तक हल्द्वानी के एसटीएच में 13 और संक्रमितों की मौत हुई है। मृतकों का कोविड नियमों के बीच अंतिम संस्कार कराया जा रहा है। साथ ही नगर में कंटेनमेंट जोनों की संख्या भी बढ़ती जा रही है।
कोरोना संक्रमण की बढ़ती लहर के बीच डॉ सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल को कोविड केयर सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही संक्रमितों के उपचार के लिए कई निजी अस्पतालों को प्रशासन ने अधिग्रहित किया है। बाहर से आने वालों के लिए पोर्टल में सूचना देना व आईसोलेशन में रहने की अनिवार्यता की गई है। इसके अलावा नगर के कई होटलों को पेड क्वारंटाइन सेंटर बनाया जा रहा है। इनकी देखरेख के लिए अधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर प्रदेश में सरकारी दफ्तर भी 28 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। अब प्रदेश में बाजार के साथ-साथ शराब की दुकानों के लिए भी अपरान्ह दो बजे बंद करने का समय निर्धारित कर दिया गया है। इधर संक्रमण की दूसरी लहर में संक्रमितों की मृत्यु दर पर नियंत्रण पाना सभी के लिए चुनौती बनी हुई है। इस बीच रविवार की दोपहर तक डॉ सुशीला तिवारी अस्पताल में 13 संक्रमितों की मौत हुई है। इसकी पुष्टि अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ अरूण जोशी ने की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में 365 संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है। जिनमें से 92 की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सक इनकी लगातार निगरानी में जुटे हुए हैं। वहीं नगर में कंटेनमेंट जोनों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। एसडीएम विवेक राय ने बताया कि गौलापार स्थित नया गांव में एक कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें सैंपलिंग में जुटी हुई हैं। साथ ही संक्रमित के संपर्क में आये लोगों को ट्रेस किया जा रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















