समाचार सच, हल्द्वानी (सुशील शर्मा)। शार्ट सर्किट होने से बुधवार की देर रात यहां तिकोनिया स्थित एक स्वीट हाउस के कैटरिंग के गोदाम में आग लग गई। जिससे लाखों का सामान जलकर स्वाहा हो गया। पुलिस, दमकल व निजी वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने आग से हुई क्षति का जायजा लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टैंडर्ड स्वीट हाउस का तिकोनिया स्थित जागनाथ कॉम्पलैक्स में कैटरिंग का गोदाम है। बताया जाता है कि बुधवार की रात करीब दो बजे अचानक शार्ट सर्किट होने से गोदाम में आग लग गई। जब गोदाम में सो रहे कर्मचारियों ने धुआं उठता देखा तो इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी और स्वयं आग बुझाने में जुट गए। गोदाम में डिस्पोजल का सामान रखा होने के चलते आग एकाएक फैल गई और विकराल रूप धारण कर लिया। इस बीच इंस्पेक्टर श्याम सिंह के नेतृत्व में पहुंचे दमकल कर्मियों ने गोदाम की दीवार तोड़कर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। आग इतनी विकराल थी कि उसे काबू पाने में दमकल के तीन वाहनों के अलावा पुलिस के तीन व तीन निजी वाहनों की मदद ली गई। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान स्वाहा हो चुका था।
गोदाम स्वामी प्रेम सिंह गुप्ता ने बताया कि आग से डिस्पोजल सामान के अलावा रजाई-गद्दे व अन्य सामान पूरी तरह जल गया। आग से करीब दो लाख रूपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने आग से हुई क्षति का जायजा लिया है। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















