
समाचार सच, हल्द्वानी। पर्वतीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए पुनर्नवा महिला समिति द्वारा महिला रामलीला के तीसरे वर्ष का भव्य आगाज किया गया। हीरानगर हल्द्वानी स्थित पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच पर जब नारद मोह, रावण, कुंभकरण और विभीषण जन्म की लीलाओं का मंचन हुआ, तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।



शुभारंभ में बही श्रद्धा की बयार
रामलीला का शुभारंभ नगर निगम हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट और समिति के पदाधिकारियों ने श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच माहौल भक्तिमय हो गया। अतिथियों ने श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।

महिलाओं का अद्वितीय अभिनय, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
पहले दिन की लीला में नारद मोह, रावण जन्म और शिव-शक्ति की कथा का मंचन हुआ। नारद मुनि की भूमिका में हनी तिवारी ने अपनी मधुर वाणी और सशक्त अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव के रूप में कुसुम दिगारी, पार्वती बनीं स्नेहा, विष्णु की भूमिका में मानसी, और लक्ष्मी बनीं सौम्या ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
रावण, कुंभकरण और विभीषण के जन्म की लीला को गीता दरम्वाल (रावण), दीप्ति चुफाल (कुंभकरण) और लता जोशी (विभीषण) ने अपने प्रभावशाली अभिनय से जीवंत कर दिया। इसके अलावा कामदेव, उर्वशी, ऋषि-मुनियों की भूमिकाओं में भी कलाकारों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
संस्कृति को जीवंत करने का प्रयास, समाज ने की सराहना
इस भव्य आयोजन में समिति अध्यक्ष लता बोरा, सचिव शांति जीना, यशोदा रावत, कल्पना रावत, जानकी पोखरिया, मंजू बनकोटी, निर्मला बहुगुणा, कुसुम बोरा, जया बिष्ट, अंजना बोरा, तुलसी रावत, रेखा रावत, किरन बिष्ट, भगवती बिष्ट, हेमा हर्बाेला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।





सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440