प्रदेशभर में भाजपा महिला मोर्चा की शिकायत के बाद हुई गिरफ्तारी
समाचार सच, देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देहरादून दौरे के दौरान सोशल मीडिया पर भाजपा से जुड़ी महिला पदाधिकारियों के खिलाफ कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले आरोपी राजेंद्र सिंह रावत को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी भाजपा महिला मोर्चा की ओर से प्रदेशभर के विभिन्न थानों में दर्ज कराई गई शिकायतों के बाद हुई।
पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी टिप्पणियों पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में उसने महिलाओं के खिलाफ की गई अपनी अभद्र टिप्पणियों पर खेद जताया है और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात कही है।
वीडियो में स्वयं को राजेंद्र सिंह पुत्र प्रेम सिंह रावत, ग्राम भरगढ़ी, पोस्ट बजवाड़, जिला पौड़ी गढ़वाल का निवासी बताते हुए उसने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के संबंध में उसके द्वारा की गई टिप्पणियां अनुचित थीं। उसने उत्तराखंड, भारत और विदेशों में रहने वाली सभी बहन-बेटियों तथा समाज के लोगों से हाथ जोड़कर क्षमा मांगी।
आरोपी ने यह भी कहा कि वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपनी गलती के लिए माफी मांगता है तथा भविष्य में सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अभद्र या आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करने का संकल्प लेता है।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के देहरादून दौरे के दौरान फेसबुक पर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणियां की गई थीं। इसके बाद भाजपा महिला मोर्चा ने इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए प्रदेशभर के विभिन्न थानों में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतों के आधार पर पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और दिल्ली से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा आरोपी से पूछताछ भी जारी है।
भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, लेकिन महिलाओं के सम्मान के खिलाफ की गई किसी भी अभद्र टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं पुलिस ने भी लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और कानून का उल्लंघन करने वाली पोस्ट से बचने की अपील की है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



