समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) हल्द्वानी में Aspirant Learning के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय ‘हल्द्वानी डीपीएस MUN-2026’ का भव्य समापन हुआ। आयोजन में 145 से अधिक विद्यार्थियों ने आठ अलग-अलग समितियों के माध्यम से प्रतिभाग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, वैश्विक चुनौतियों, कूटनीति और समसामयिक विषयों पर अपनी समझ, तर्कशक्ति एवं विचार अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न समितियों में गंभीर चर्चा, बहस और विचार-विमर्श का दौर चला। विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों एवं अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार रखे। इस दौरान प्रतिभागियों ने शोध क्षमता, तार्किक सोच, आत्मविश्वास और संवाद कौशल का प्रभावशाली परिचय दिया।
समापन समारोह में पांच बार की टेडएक्स (TEDx) Speaker सुश्री भाविका डाबर मुख्य आकर्षण रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ विचार प्रस्तुत करने, प्रभावशाली संवाद स्थापित करने और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अपने विचारों को स्पष्टता और दृढ़ता के साथ प्रस्तुत करना व्यक्तित्व विकास की महत्वपूर्ण विशेषता है।
समारोह में सभी आठ समितियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बेस्ट डेलीगेट सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के विद्यार्थियों ने पंजाबी एवं अर्धशास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में सांस्कृतिक छटा बिखेरी।
इस अवसर पर एसपाइरेन्ट लर्निंग की निर्णायक टीम के सदस्यों, निर्णायकों और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले समन्वयकों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही को उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय विषयों की गहरी समझ विकसित करने के साथ नेतृत्व क्षमता, शोध कौशल, तार्किक चिंतन और प्रभावशाली संवाद का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया। हल्द्वानी डीपीएस MUN-2026 युवा प्रतिभाओं के लिए एक ऐसा महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जहां विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण अपनाने और भविष्य के जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



